LIVE Rajasthan Political Crisis: विधायक दल की बैठक में अशोक गहलोत सरकार को मिला पूरा समर्थन


स्टोरी हाइलाइट्स

नई दिल्ली/जयपुर। LIVE Rajasthan Political Crisis: राजस्थान का सियासी संकट फिलहाल के लिए थम गया है। राजस्थान कांग्रेस विधायक दल की बैठक में अशोक गहलोत सरकार का सर्वसम्मति से समर्थन किया गया। साथ ही भाजपा के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र का यह चीरहरण राजस्थान के 8 करोड़ लोगों का अपमान है, वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे। इधर पूरे घटनाक्रम के मद्देनजर पिछले 2 दिनों में कांग्रेस आलाकमान ने नाराज उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट से कई बार बात की। बताया जा रहा है कि सचिन पायलट की नाराजगी दूर करने के लिए जल्द ही सरकार में फेरबदल होंगे। डिप्टी सीएम सचिन पायलट अपने साथ 30 विधायक होने का दावा कर रहे हैं। गहलोत खेमा 107 विधायकों के साथ होने का दावा कर रहा है।  सूत्र बताते हैं कि ये दावा कमजोर है। गहलोत के घर हुई बैठक में कांग्रेस के 18 विधायक नहीं पहुंचे। पायलट का दावा सही होने की स्थिति में भी भाजपा के लिए सरकार बनाने की राह आसान नहीं होगी। वहीं, जो विधायक गहलोत के घर नहीं पहुंचे अगर उतने विधायक भी पायलट के साथ जाते हैं तो गहलोत सरकार निर्दलियों और अन्य छोटे दलों के सहारे पर आ जाएगी। अशोक गहलोत सरकार से खफा राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं। यह पुष्टि उनके करीबियों ने की है। लेकिन, करीबियों ने यह भी दावा किया है कि गहलोत सरकार अल्पमत में है। उन्होंने कहा कि अगर गहलोत के पास बहुमत है तो वो विधानसभा में इसे साबित करें, अपने विधायकों को होटल में क्यों भेज रहे हैं।