राज्य कर्मचारी आयोग होगा खत्म, सिर्फ समिति करेगी काम .. डॉ. नवीन जोशी


स्टोरी हाइलाइट्स

भोपाल: पिछली कमलनाथ सरकार के समय बना राज्य कर्मचारी आयोग अब खत्म किया जायेगा तथा इसके स्थान पर राज्य........

राज्य कर्मचारी आयोग होगा खत्म, सिर्फ समिति करेगी काम .. डॉ. नवीन जोशी   भोपाल: पिछली कमलनाथ सरकार के समय बना राज्य कर्मचारी आयोग अब खत्म किया जायेगा तथा इसके स्थान पर राज्य कर्मचारी कल्याण समिति पूर्ववत कार्य करेगी। यह सहमति कर्मचारी संघों के नेताओं के साथ हाल ही में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के साथ ही बैठक में बनी है।   समिति के अध्यक्ष पहले की तरह रमेश शर्मा को बनाये जाने की भी सहमति बनी है। यह सब संघ समर्थित भारतीय मजदूर संघ के इशारे पर हो रहा है। दरअसल पहले कर्मचारियों के हित में राज्य कर्मचारी कल्याण समिति कार्यरत रही थी। कमलनाथ सरकार के समय इस समिति का गठन नहीं किया गया तथा 12 दिसम्बर 2019 को वित्त विभाग के माध्यम से राज्य कर्मचारी आयोग बना दिया गया। इस आयोग का कार्यकाल एक वर्ष रखा गया था। परन्तु मार्च 2020 में शिवराज सरकार के आने पर यह आयोग बंद हो गया। आयोग ने कर्मचारी संघों को उनकी समस्याओं एवं मांगों के बारे में सुना था परन्तु वह न ही कोई रिपोर्ट तैयार कर पाया और न ही इसे राज्य शासन को सौंप पाया।     वर्तमान में आयोग का अस्तित्व तो है परन्तु इसमें किसी अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति नहीं है। शिवराज सरकार अब इस आयोग को खत्म करने जा रही है तथा इसके स्थान पर पुन: राज्य कर्मचारी कल्याण समिति अस्तित्व में लाने की तैयारी कर रही है तथा इसके अध्यक्ष पद पर पुन: रमेश शर्मा को बनाये जाने की तैयारी है। कर्मचारी नेता वीरेन्द्र खोंगल ने बताया कि कर्मचारी आयोग अब बंद है तथा यह अपनी रिपोर्ट भी तैयार नहीं कर पाया था जिसके कारण वह कोई प्रतिवेदन राज्य सरकार को नहीं दे पाया। हमारे समय राज्य कर्मचारी कल्याण समिति गठित नहीं की गई थी क्योंकि आयोग बन गया था। अब सरकार के ऊपर है कि वह कर्मचारी संघों की मांगों पर विचार करने के लिये क्या कदम उठाये।