राजस्थान में सोमवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। पाली के पास सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर  गए।  हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।  घटना सुबह 4 बजे की बताई जा रही है।

 रेलवे के अनुसार बांद्रा से जोधपुर आ रही सूर्यनगरी एक्सप्रेस सोमवार अल सुबह पाली स्टेशन पहुंचने से पहले ही पटरी से उतर गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना  की सूचना पर रेलवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। 

हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआर के मुताबिक हादसे की सूचना मिलते ही जोधपुर से राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है। घटना में करीब 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। 

उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि गाड़ी संख्या 12480, बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे आज सुबह 03.27 बजे जोधपुर मंडल के राजकियावास-बोमादरा रेलखंड के मध्य डिरेल हो गए। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।  उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। कंट्रोल कक्ष से इसकी मॉनेटरिंग की जा रही है।