शुक्रवार 27 जून को रतलाम में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम क्षेत्रीय उद्योग, कौशल एवं रोजगार कॉन्क्लेव- एमपी राइज 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होने वाले हैं।
इससे पहले ही एक अजीबोगरीब घटना ने प्रशासन को चौंका दिया। गुरुवार रात मुख्यमंत्री के काफिले की 19 इनोवा गाड़ियां इंदौर से रतलाम आईं, तभी एक पेट्रोल पंप से डीजल भराने के बाद थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सभी गाड़ियां एक के बाद एक रुक गईं। दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियों में डीजल की जगह पानी भर दिया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रतलाम में हो रही 'एमपी राइज 2025' कॉन्क्लेव में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री के लिए लगाए गए वाहनों के काफिले में डीजल की जगह पानी भरने का मामला सामने आया। काफिले के लगभग 19 वाहन गुरुवार की रात डीजल भरवाने के लिए ढोसी गांव के पास भारत पेट्रोल पंप पर गए थे। वहां डीजल भरवाने के बाद सभी वाहन कुछ दूरी तय करने के बाद अचानक चलते-चलते बंद हो गए. वाहन चालकों ने इसकी शिकायत पेट्रोल पंप पर की।
प्रशासन के लिए यह स्थिति हैरान करने वाली थी, क्योंकि सभी वाहन एक साथ रुक गए थे। प्रशासन को इस घटना की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और वाहनों के डीजल टैंक खोलकर उनकी जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि वाहनों में भरे डीजल में पानी मिला हुआ था। यह समस्या सभी 19 वाहनों में पाई गई। इसके अलावा एक ट्रक में भी डीजल भरा हुआ था, जो कुछ दूर जाकर रुक गया। इससे स्थिति और गंभीर हो गई, क्योंकि यह स्पष्ट हो गया कि पेट्रोल पंप से वितरित किए जा रहे डीजल में कुछ गड़बड़ है।
इस अनियमितता के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया और अधिकारियों ने भारतीय पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर को बुलाया। जांच के बाद उन्होंने कहा कि बारिश के कारण टैंक में पानी लीक हो गया होगा। प्रशासनिक अधिकारी रात भर पेट्रोल पंप पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखी तथा घटनास्थल पर गहन जांच की।
काफिले के लिए इंदौर से वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई। देर रात तक अधिकारियों की टीम पेट्रोल पंप पर रही और इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार कारणों का पता लगाने का प्रयास किया गया। नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि बारिश के कारण टैंक में पानी लीक हो गया होगा, इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
रतलाम में मुख्यमंत्री के काफिले के लिए हुई इस गड़बड़ी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की। घटना सरकारी कार्यक्रमों में सुरक्षात्मक उपायों के महत्व को उजागर करती है।
पुराण डेस्क