दमोह के खांचरी पटी गांव में दूषित पानी पीने से एक बुजुर्ग और एक महिला की मौत हो गई। जब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पहुंची दोनो की जान जा चुकी थी। वहीं इसी के चलते 10 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए जिन्हें दमोह के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 35 अन्य लोग भी इससे प्रभावित हुए हैं, जिन्हें पास के स्वास्थ्य कल्याण केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है।

यह क्षेत्र केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल की लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है।जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि संभवत: लोगों ने किसी कुएं का दूषित पानी पिया है, जिसके चलते लोगों को आंत और पेट संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि बाकी के मरीजों की हालत अभी स्थिर है।

अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सचिन मलैया ने कहा: "हमारी टीम गांव में ही रुकी हुई है मरीज हल्के डायरिया से पीड़ित हैं, वहीं एक अन्य मरीज, जिसकी हालत बेहद गंभीर थी, वो भी अब स्थिर है। मलैया ने कहा, "ऐसा लगता है कि कुएं के दूषित पानी के सेवन से लोगों के पेट में संक्रमण हुआ है।"

जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में शामिल एक युवती ज्योति ने कहा कि गांव के कई लोग डायरिया और इससे जुड़ी समस्याओं से पीड़ित हैं। उसने बताया कि बारिश का गंदा पानी आने से कुआं दूषित हो गया है। 

हम आपको बता दें जल शक्ति मंत्रालय 2024 तक जल जीवन मिशन की "हर घर नल (हर घर में नल का पानी)" योजना के तहत हर भारतीय घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए काम करता है।