जम्मू में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से 3 मजदूरों की मौत, दो अधिकारी निलंबित


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है..!!

जम्मू के बनतालाब में निर्माणाधीन पुल गिरने से 4 लोग दब गए। वहीं, 3 की मौत हो गई है। देर रात मलबे से एक और शव निकाला गया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें पहुंच गई थीं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे से 1 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। भाजपा विधायक शाम लाल शर्मा ने बताया कि अभी 3 मजदूर मलबे में दबे हुए थे, पुल की मरम्मत का काम चल रहा था।

भाजपा विधायक ने कहा कि यह पुराना पुल है जिसकी नींव कमजोर हो गई थी। नींव को मजबूत करने के लिए टेंडर जारी कर काम शुरू किया गया था। खुदाई के दौरान ऊपर से गुजरने वाली किसी गाड़ी की वजह से यह पुल गिर गया। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू का काम पूरा होने के बाद ही हादसे की असली वजह पता चल पाएगी।

वहीं उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और कहा कि चार मजदूर ढहने में फंस गए थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई जबकि एक को सुरक्षित बचा लिया गया। 

उन्होंने आगे बताया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। चौधरी ने आगे कहा कि दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और एक को अटैच कर दिया गया है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।