भोपाल। प्रदेश से गुजरने वाले नेशनल हाईवे एवं स्टेट हाईवे के सेंट्रल वर्ज पर वन विभाग पांच लाख पौधे रोपेगा जिससे इन हाईवे पर हरियाली रहे। यह निर्णय मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की अध्यक्षता में हुई पर्यावरण वानिकी की बैठक में लिया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि आगामी वर्षा ऋतु में वन विभाग किसानों के खेतों के आसपास 2 हजार हैक्टेयर में कटंग बांस का रोपण करेगा। इसमें 500 हैक्टेयर में राज्य वन विकास निगम एवं 1500 हैक्टेयर में वन विभाग रोपण करेगा। बैठक में यह भी बताया गया कि राजधानी भोपाल के बड़ा तालाब स्थित भोजवेट लैंड के किनारे करीब 1100 हैक्टेयर में वृक्षारोपण हुआ है परन्तु इसमें से 61 हैक्टेयर भूमि वन विभाग के पर्यावरण वानिकी वनमंडल के पास है जबकि शेष भूमि लोक निर्माण विभाग के पास है। 

लोनिवि से यह भूमि वापस लेकर पर्यावरण वानिकी वनमंडल को मय रखरखाव वाले अमले सहित देने के लिये कहा गया है। साथ ही यह भी निर्णय हुआ है कि भोपाल में सीपीए बंद कर उसकी सम्पत्ति को वन एवं लोनिवि में बांटा गया है तथा जिन क्षेत्रों को वृक्षारोपण के लिये वन विभाग को दिया गया है उनमें पांच साल तक वन विभाग का ही अधिकार रहेगा तथा पांच साल बाद उसे संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर दिया जायेगा। इससे उक्त भूमि पर हो रही अवैध कटाई पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सकेगा।