मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज विश्व की सबसे बड़ी 600 मेगावाट ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना के प्रथम चरण में 278 मेगावाट क्षमता की परियोजना के अनुबंध हस्ताक्षर समारोह व ऊर्जा साक्षरता अभियान की होम एनर्जी असेसमेंट मार्गदर्शिका का लोकार्पण किया।
इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश अभी 'Heart of India' के नाम से जाना जाता है मेरा सपना है कि इसे 'Lungs of India' बना दूं। इसलिए हमने 2 अगस्त 2022 को नई रिन्यूएबल एनर्जी नीति को स्वीकृति दी है। ओंकारेश्वर का यह फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट अपने आप में अद्भुत है। जिस सोलर पावर प्लांट का अनुबंध हस्ताक्षर समारोह हम कर रहे हैं वह दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट है।
सीएम ने कहा कि सभी सरकारी दफ्तरों पर सोलर पैनल लगाना आवश्यक किया जाएगा। यह परियोजना खंडवा के इंदिरा सागर बांध में आकार लेगी। आज कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इसे लेकर कार्यक्रम हुआ। यहां बनने वाली बिजली से मप्र की एक बड़ी जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी।
इसे पहले 13 से 15 अगस्त तक चलाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के लिए आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अरेरा कॉलोनी के 10 नं.मार्केट पहुंचकर राष्ट्रध्वज लिया। इस मौके पर कलेक्टर अविनाश लवानिया ने उन्हे राष्ट्रध्वज सौंपा। मुख्यमंत्री ने महिला स्व सहायता समूह की दुकान राग भोपाली की महिलाओं से भी चर्चा की।
उधर मप्र कांग्रेस भी भाजपा के जवाब में तिरंगा सम्मान पदयात्रा निकालने की तैयारी में जुटी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 9 अगस्त को टंट्या भील की जन्मस्थली पातालपानी से यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस दिन कमलनाथ भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव जाकर पूजा अर्चना करेंगे। बताया जाता है कि इंदौर जिले की देपालपुर के कांग्रेस विधायक विशाल पटेल को पातालपानी के कार्यक्रम का प्रभारी बनाया है। वहीं इंदौर के जानापाव में होने वाले कार्यक्रम का प्रभारी विधायक संजय शुक्ला को बनाया गया है।