गुजरात के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशख़बरी है। सरकार ने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाकर 8 फीसदी कर दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए यह भारी वृद्धि की है।
केंद्र सरकार ने हाल ही में महंगाई भत्ता बढ़ाकर केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की है। जिससे इन कर्मचारियों को 42 फीसदी डीए का लाभ दिया जा रहा है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2023 से प्रभावी होगी। वहीं, गुजरात सरकार द्वारा बढ़ाया गया डीए भी एक जनवरी 2023 से प्रभावी माना जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इससे 9.50 लाख पेंशनभोगियों और सरकारी कर्मचारियों को फायदा होगा। भूपेंद्र पटेल ने कहा कि इस बढ़ोतरी से राज्य के कर्मचारियों और पेंशनधारियों को राहत मिलेगी।
महंगाई भत्ते में 8 फीसदी की बढ़ोतरी को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहली वृद्धि 1 जुलाई 2022 से की गई थी और यह 4 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं केंद्र सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी 2023 से एक और बढ़ोतरी की गई है और इसमें भी 4 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। यानी कर्मचारियों के कुल डीए में 8 फीसदी की बढ़ोतरी होगी।