हाई-प्रोफाइल स्कूल हॉस्टल में रेप की शिकार 8 साल की मासूम ने अपनी मां को फोन पर आपबीती सुनाई


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

भोपाल के हाई-प्रोफाइल स्कूल के हॉस्टल में 8 साल की मासूम से रेप, मासूम ने खुद फोन पर मां को आपबीती सुनाई, मेडिकल में रेप की पुष्टि..!!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक हाई-प्रोफाइल बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाली दूसरी कक्षा की छात्रा के साथ हॉस्टल में रेप किया गया। मामला मिसरोद थाना क्षेत्र का है। 

पीड़ित बच्ची महज 8 साल की है। घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची की मां ने उसे फोन किया। जैसे ही उसने अपनी मां से फोन पर बात की, बच्ची रोने लगी। बच्ची ने कहा कि हॉस्टल में उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। यह सुनकर मां के होश उड़ गए। उन्होंने लड़की को शांत होने को कहा और पूरी बात बताने को कहा। 

लड़की ने बताया कि शनिवार को हॉस्टल में उसे खाने में दाल-चावल दिया गया था। न जाने उसमें क्या मिलाया था और खाते ही वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसके प्राइवेट पार्ट में दर्द हो रहा था। जैसे ही लड़की की मां ने यह बात सुनी तो उसे एहसास हुआ कि उसकी बेटी पर क्या बीती होगी।

मेडिकल में इस बात की पुष्टि हो गई है कि बच्ची के साथ रेप हुआ है। लड़की का कहना है कि दाढ़ी वाले अंकल और एक अन्य आदमी उससे गंदी बातें करते थे। लड़की का प्राइवेट पार्ट काफी सूज गया था और काफी खून बह रहा था। 

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि उन्होंने लड़की को 15 दिन पहले हॉस्टल में भर्ती कराया था। माता-पिता हर रविवार को अपने बच्चों से मिलने यहां आ सकते हैं। फिर आप उन्हें साथ में घुमाने भी ले जा सकते हैं। लड़की की मां ने बताया कि वह पिछले रविवार को भी लड़की से मिलने गई थी। इस बीच लड़की बहुत खुश थी। फिर इस रविवार को जब उन्होंने लड़की को फोन किया तो उसने आपबीती बताई। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि दाढ़ी वाले अंकल और एक अन्य शख्स ने उसके साथ गंदा काम किया है।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सीएम मोहन यादव ने भी एसआईटी गठित कर मामले की जांच के आदेश दिये हैं। हालांकि पुलिस ने मंगलवार रात को ही तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। इसमें हॉस्टल वार्डन भी शामिल है।

थाना प्रभारी मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि इस मामले में एक टीम गठित की गई है। आगे की जांच चल रही है। कुछ वीडियो फुटेज भी जब्त किए हैं।' उनकी जांच की जा रही है। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अगर और सबूत मिले तो और भी धाराएं लगाई जाएंगी। हॉस्टल का रजिस्टर भी जब्त कर लिया गया है। मामले में कई लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मामले पर सवाल उठाए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मामले को लेकर कहा है, कि गृहमंत्री बनाम मुख्यमंत्री जी! अपराध, अत्याचार और बलात्कार का गंभीर दौर देख रहा #मध्यप्रदेश चिंतित है! मासूम बच्चियों से बलात्कार हो रहे हैं! पीड़ा पर मरहम लगाने की विपक्षी कोशिशों पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं! लेकिन, मुख्यमंत्री मुस्कुरा रहे हैं! चुनावी सभाओं में ताली बजा रहे हैं! इस सरकार को अब तो, चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए!