भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू का निधन: इंदौर में देर रात आया हार्ट अटैक, सीएम मोहन ने जताया दुख


स्टोरी हाइलाइट्स

हाल ही में धार में प्रधानमंत्री की रैली हुई थी, मालू उसका हिस्सा भी बने थे। गोविंद मालू की इस दौरान सीएम मोहन यादव के साथ मुलाकात भी हुई थी..!!

खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गोविन्द मालू का आकस्मिक निधन हो गया। जिनकी अंतिम यात्रा 9 मई 2024 को प्रातः 10:30 बजे निज निवास 175-179 ग्रेटर ब्रजेश्वर कॉलोनी पिपलियाहाना से रीजनल पार्क मुक्तिधाम ले जाया गया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गोविंद मालू रात को भोजन करने के बाद जैसे ही रूम में गए वैसे ही सीवियर कार्डियक अरेस्ट हुआ। इसके बाद हॉस्पिटल ले जाते उसके पहले ही उनका निधन हो गया।

आपको बता दें हाल ही में धार में प्रधानमंत्री की रैली हुई थी, मालू उसका हिस्सा भी बने थे। गोविंद मालू की इस दौरान सीएम मोहन यादव के साथ मुलाकात भी हुई थी।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता श्री गोविन्द मालू के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि श्री मालू भाजपा की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध, समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। श्री मालू का असमय निधन समाज व भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा श्री महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।