नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सोमवार शाम दिल्ली पहुंचीं. ममता की यात्रा पहले से ही पूर्व निर्धारित थी. साथ ही संसद का शीतकालीन सत्र 29 नवंबर से शुरू हो रहा है.
क्या आज सोनिया से होगी मुलाकात ?
दिल्ली में ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने की उम्मीद है. ममता बनर्जी आज सोनिया गांधी से मिल सकती हैं. उम्मीद है कि दोनों नेता विपक्ष के एकजुट प्रयासों पर चर्चा करेंगे. सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी कांग्रेस अध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं.
कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे :
ममता बनर्जी 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी. वह 25 नवंबर को बंगाल लौटेंगी. उन्होंने कहा, "दिल्ली यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र का मुद्दा उठाएंगी."
ममता का तीन दिवसीय दौरा :
संसद सत्र से पहले ममता का तीन दिवसीय दौरा अहम माना जा रहा है. कृषि कानून वापस लिए जाने के बाद ममता बीएसएफ अधिकारों समेत कई अन्य मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरने के लिए विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश करती नजर आ रही हैं.
त्रिपुरा में घमासन बीजेपी और तृणमूल के बीच :
तृणमूल सांसदों ने रविवार को त्रिपुरा में तृणमूल युवा ब्रिगेड की प्रमुख सयोनी घोष की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताने के लिए सोमवार शाम गृह मंत्री से मुलाकात की थी. गृह मंत्री द्वारा समय न दिए जाने के विरोध में दोपहर में इन सांसदों ने दिल्ली के नार्थ ब्लॉक के सामने धरना भी दिया था.
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि त्रिपुरा के अगरतला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक थाने में तोड़फोड़ की और उन पर हमला किया. तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर थाने के अंदर मारपीट और पथराव करने का भी आरोप लगाया है.