नई दिल्ली: केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने घटिया प्रेशर कुकर बेचने पर ई-कॉमर्स कंपनियों Amazon, Flipkart, Snap Deal, Shop Close और Paytm Mall को नोटिस जारी किया है। नोटिस में सभी ई-कॉमर्स कंपनियों पर सरकार के गुणवत्ता नियंत्रण आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। आदेश में घरेलू प्रेशर कुकर को निर्धारित मानकों के साथ-साथ अगस्त 2020 से लागू बीआईएस लाइसेंस के तहत मानक चिह्न के अनुसार होना आवश्यक है।

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने यह कार्रवाई नकली वस्तुओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए की है। साथ ही देश के सभी जिलों के कलेक्टरों को गाइडलाइन भेजी गई है। इन वस्तुओं की सूची में हेलमेट, प्रेशर कुकर, रसोई गैस सिलेंडर शामिल हैं।

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने सभी ई-कॉमर्स कंपनियों को सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। अगर कंपनियां जवाब नहीं देती हैं, तो उन पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।