जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार रात में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई झड़प में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है. मुठभेड़ पुलवामा जिले के कसबयार राजपोरा इलाके में हुई. 

सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि पुलवामा जिले के कसबयार इलाके में दो आतंकवादी छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही सुरक्षाबल मुस्तैद होकर इलाके में पहुंच गए और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. यहां सुरक्षाबलों की मौजूदगी से घबराए आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए.

उल्लेखनीय है कि इस साल जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में 40 नागरिक मारे गए हैं. जबकि 72 नागरिक घायल हो गए थे. लोकसभा में सदन की कार्यवाही के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि घटनाओं में पुलिस समेत सुरक्षा बलों के 35 सदस्य मारे गए हैं. वहीं 86 जवान घायल हुए हैं.