नई दिल्ली: अब तक अगर आप बोर्डिंग स्टेशन के बजाय दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़ते थे तो आपको जुर्माना भरना पड़ता है, लेकिन अब से ऐसा नहीं होगा. IRCTC ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है. अब से यात्री ट्रेन पकड़ने से पहले टिकट में बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे.
इन यात्रियों को होगा फायदा :
ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्री आईआरसीटीसी की इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे. लेकिन अगर टिकट ऑफलाइन या किसी एजेंट द्वारा लिया जाता है तो आपको आईआरसीटीसी की इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा. ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्री इस तरह के बदलाव का फायदा खुद उठा सकेंगे.
जानिए यह नया नियम :
अब तक यह नियम था कि यदि आप निर्धारित बोर्डिंग स्टेशन के अलावा किसी अन्य स्टेशन से ट्रेन पकड़ते हैं तो आपको जुर्माना भरना पड़ता था. उसी समय यात्री से बोर्डिंग स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले स्टेशन तक का किराया लिया जाता था. अब से दूसरे स्टेशन से बिना बोर्डिंग स्टेशन बदले ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को ही जुर्माना भरना होगा.
बोर्डिंग स्टेशन बदलने का तरीका :
आईआरसीटीसी द्वारा दी जाने वाली इस सुविधा का लाभ उठाने से पहले कुछ अन्य बातों को जानना आवश्यक है. एक बार आपने बोर्डिंग स्टेशन बदल लिया तो आपके पास इसे दोबारा बदलने का विकल्प नहीं होगा. बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए आपको यह काम ट्रेन के खुलने के समय से 24 घंटे पहले करना होगा.
बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए, इन चरणों का पालन करें :
1. सबसे पहले आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctc.co.in पर लॉगइन करें।
2. अपने आईआरसीटीसी खाते में बुकिंग टिकट का इतिहास खोलें।
3. यहां आपको उन सभी ट्रेनों की लिस्ट मिल जाएगी, जिन्हें आपने बुक किया है। टिकट स्टेशन का चयन करें जिसमें परिवर्तन करना है।
4. ट्रेन सेलेक्ट करने के बाद आपको चेंज बोर्डिंग पॉइंट का विकल्प मिलेगा उसे सेलेक्ट करें।
5. अब एक नया पेज खुलेगा जिसमें बाकी के स्टेशन ड्रॉप डाउन में नजर आएंगे। इस लिस्ट में उस स्टेशन को सेलेक्ट करें जहां से आप ट्रेन पकड़ना चाहते हैं।