सड़क पार करते टाइगर के साथ सेल्फी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने पार्क प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं..!!

विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) इन दिनों वन्यजीवों की सुरक्षा के बजाय प्रबंधन की बड़ी लापरवाहियों के लिए चर्चा में है। ताजा मामला उमरिया-ताला मार्ग स्थित मगधी गेट का है, जहां सड़क पार कर रहे एक वयस्क बाघ के बेहद करीब जाकर लोग वीडियो और सेल्फी बनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने पार्क प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

मगधी गेट के अंदर घटना के समय बाघ सड़क पार कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही जिप्सियों और अन्य निजी वाहनों के पहिए थम गए। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि लोग वाहनों के भीतर सुरक्षित रहने के बजाय, बाहर निकलकर सड़क पर आ गए और पैदल चलकर बाघ के नजदीक पहुंचने की कोशिश करने लगे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग मोबाइल फोन से बाघ का वीडियो बनाने में इस कदर मशगूल थे कि उन्हें अपनी जान की परवाह भी नहीं रही।