भोपाल: वन विहार में पर्यटक की गाड़ी की चपेट में आने से सियार की मौत के मामले में दो रेंजर सहित 5 कर्मचारियों पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया है. वन विहार डायरेक्टर पदमाप्रिया बालाकृष्णन ने पर्यटन रेंजर अनामिका चोपड़े और रेंजर लाररूस लकरा लघुशास्ती (एक वेतन वृद्धि रोकने) दंड देने का प्रस्ताव बनाकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मुख्यालय को भेज दिया.

जबकि अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन-दो) एचएस मोहंता का कहना है कि वन विहार डायरेक्टर स्वयं कार्रवाई करने के लिए सक्षम है. इस पूरे घटनाक्रम में वन विहार के डिप्टी डायरेक्टर सुनील कुमार सिन्हा और डॉक्टर अतुल कुमार गुप्ता की भूमिका भी संदेहास्पद रही है.

वन विहार में 3 नवंबर को एक पर्यटक वाहन की चपेट में आने से अनुसूची दो (पार्ट-2) वर्ग के वन्य प्राणी सियार की मौत हो गई थी. सियार की मौत की जानकारी वनविहार संचालक पदमाप्रिया बालाकृष्णन को नहीं दी. घटनाक्रम पर लीपापोती करने के मकसद से मैदानी अमले ने बिना पोस्टमार्टम किए सियार का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया.

जब सियार की मौत हुई तब वन विहार के डिप्टी डायरेक्टर सुनील कुमार सिन्हा और पशु चिकित्सक डॉ अतुल कुमार गुप्ता भी वहां मौजूद नहीं थे. सियार को कुचलने वाले पर्यटक ने वन कर्मियों पर अपने राजनीतिक रसूख का रौब गांठते हुए वन विहार से फरार हो गया.

वह आज दिनांक तक पर्यटक और उसका वाहन पर पार्क प्रबंधन के पकड़ से कोसों दूर है. इस घटनाक्रम को वन विहार डायरेक्टर पदमाप्रिया बालाकृष्णन ने बड़ी गंभीरता से लिया. घटनाक्रम की जांच कराई. जांच के बाद डायरेक्टर बालाकृष्णन ने पर्यटन रेंजर अनामिका चोपड़े और रेंजर लाररूस लकरा के अलावा फॉरेस्टर और नाकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया.

दोनों रेंजर ऊपर कार्रवाई करने का प्रस्ताव बनाकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मुख्यालय सतपुड़ा को भेज दिया है. वन विहार संचालक के प्रस्ताव पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मुख्यालय सतपुड़ा ने अभी तक कोई भी आदेश जारी नहीं किया है.

सफारी मार्ग पर लगेंगे कैमरे-

वन विहार डायरेक्टर पदमाप्रिया बालाकृष्णन ने 1 प्राणी को पत्थर मारने और सियार की मौत की घटनाओं से सबक लेते हुए सफारी मार्ग पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया है. सीसीटीवी कैमरे के जरिए पर्यटक को और मैदानी हमलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. संचालक बालाकृष्णन ने वन विहार के हमलों पर प्रशासनिक कसावट करने के लिए भी कड़े कदम उठाए हैं.