सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा के बाद सीएम छठवीं बार पहुंचे बालाघाट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मुख्यमंत्री सबसे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लांजी बावड़ी का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके बाद रानी अवंतीबाई स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में 64 पुलिस जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया जाएगा..!!

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बालाघाट जिले के लांजी पहुंचे हैं। खास यह कि सालभर में ही उनका बालाघाट जिले में यह छठा दौरा है। मुख्यमंत्री सबसे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लांजी बावड़ी का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके बाद रानी अवंतीबाई स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में 64 पुलिस जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया जाएगा। 

बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। जिले से 10वीं में 12 और 12वीं में 5 विद्यार्थियों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री 169.197 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 86.227 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और 82.97 करोड़ के नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। 

इससे पहले आज सुबह मुख्यमंत्री यादव उज्जैन में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने विक्रमादित्य संकुल भवन में उज्जैन-इंदौर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि वर्ष 2028 में सिंहस्थ कुंभ के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों को स्वीकृति दी जा चुकी है। ओंकारेश्वर, महेश्वर, पशुपतिनाथ, नलखेड़ा, भोपाल से लेकर पूरे मालवा क्षेत्र तक के कार्यों को सिंहस्थ कार्य-क्षेत्र मानते हुए योजनाएं तैयार की गई हैं।