समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ तेवर बदले नज़र आ रहे हैं। अखिलेश ने अभी तक सपा और कांग्रेस की विचारधाराओं में अंतर का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा एक ही है लेकिन अब अखिलेश यादव के सुर बदल-बदले से नज़र आ रहे हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। अखिलेश यादव ने एक दिन पहले तक कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर हमला बोला था।
वहीं अब अखिलेश ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद देते हुए पत्र लिखा है। हालांकि उन्होंने यह साफ़ नहीं किया कि वे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे या नहीं।
अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में यह भी कहा है कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक अवधारणा है। इसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और मैत्री ऐसे सकारात्मक तत्व हैं जो भारत को एक सूत्र में बांधते हैं। अखिलेश ने आशा व्यक्त की कि राहुल गांधी की यह यात्रा देश की इस समावेशी संस्कृति को बनाए रखने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।
गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कुछ दिनों के ब्रेक के बाद फिर से शुरू हो रही है। यात्रा 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से यूपी में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली को कवर करगी। कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाने के लिए अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं को यूपी में आमंत्रण भेजा है।
कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती को भी निमंत्रण भेजा गया था। जयंत चौधरी ने राजनीतिक व्यस्तता का हवाला देते हुए पहले ही साफ कर दिया था कि वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगे।