समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 38 साल थी। सुबह 6 बजे पत्नी अपर्णा यादव के भाई उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी। हार्ट भी रुक चुका था। अभी मौत की वजह पता नहीं चल सकी है। शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में कराया जा रहा है।
प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं। वे लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद उन्हें थोड़ा आराम मिला। इसके बाद वे अस्पताल से बिना छुट्टी के घर चले गए थे।
प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की पत्नी अपर्णा इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। अपर्णा के भाई अमन सिंह बिष्ट प्रतीक के शव के साथ मौजूद बताए जा रहे थे।
ब्रिटेन से पढ़ाई की, राजनीति से दूर थे
प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। प्रतीक लखनऊ में 'द फिटनेस प्लैनेट' नाम से एक जिम के मालिक थे। प्रतीक ने अपर्णा यादव से 14 साल पहले लव-मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं।
पुराण डेस्क