भोपाल: राज्य का वन विभाग अब तक पन्ना नेशनल पार्क में पर्यटकों के लिये नया अकोला से हिनौता मार्ग प्रारंभ नहीं कर पाया है। राज्य सरकार ने तो अकोला गेट से हिनौता गेट तक पर्यटकों को घुमाने का प्रस्ताव किया हुआ है और गत 1 अक्टूबर से प्रारंभ पार्क के पर्यटन वर्ष में इसे खोलने की योजना बनाई थी परन्तु अब तक केंद्र सरकार के वन मंत्रालय से इसकी स्वीकृति नहीं मिली है क्योंकि नेशनल पार्क जोकि टाईगर रिजर्व भी है, में गतिविधियां संचालित करने के लिये केंद्र की मंजूरी जरुरी होती है।
अकोला गेट भी रमपुरा के पहले पड़ता है। दरअसल खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने हिनौता गेट को बंद कर रमपुरा गेट बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार से किया था लेकिन वन विभाग ने भैगोलिक स्थितियों का हवाला देकर रमपुरा गेट बनाने से इंकार कर दिया था। इस इंकार पर कुछ आपत्तियां आने पर अकोला गेट से हिनौता गेट तक जोकि 15 किमी होता है, पर्यटकों को घुमाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया जबकि पहले पर्यटकों को अकोला से हिनौता जाने के लिये कोई सुविधा नहीं थी।
दरअसल यह सभी कवायद वहां नये रिसोर्ट एवं होटल बनाने के लिये हो रही है। अभी हिनौता गेट के पास कोई रिसोर्ट नहीं है बल्कि वहां पर्यटकों के ठहरने के लिये सरकार की ओर से कुछ टेंट एवं तीन काटेज उपलब्ध कराये गये हैं। खनिज मंत्री के रमपुरा में गेट बनाने के प्रस्ताव से वहां नये रिसोर्ट बनने की स्थिति बन रही है। वहां खेती की राजस्व भूमि है जिसका डायवर्सन हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि पन्ना नेशनल पार्क में केंद्र सरकार की गाईड लाईन अनुसार बीस प्रतिशत क्षेत्र में ही पर्यटक सुविधायें दी जा सकती हैं तथा यदि यह क्षेत्र 20 प्रतिशत से कम है तो वहां इसे बढ़ाया भी नहीं जा सकता है। पार्क में अभी 16 प्रतिशत एरिया में पर्यटक सुविधायें हैं। चूंकि रमपुरा के रास्ते में ही बफर क्षेत्र वाला अकोला गेट पड़ता है तथा इसे डेढ़ साल पहले ही चालू किया गया है, इसलिये वन विभाग यहीं से पर्यटकों को हिनौता तक जाने की सुविधा देने के पक्ष में है।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि पन्ना नेशनल पार्क में अकोला गेट से हिनौता गेट तक जाने की सुविधा अभी चालू नहीं की गई है क्योंकि इस गेट से अंदर नया पर्यटक मार्ग बनाने एवं पर्यटन क्षेत्र घोषित करने के लिये केंद्र की स्वीकृति जरुरी होती है। केंद्र को प्रस्ताव भेज दिया गया है तथा वहां से स्वीकृति आने पर इस नये मार्ग को पर्यटकों के लिये खोल दिया जायेगा।