भोपाल: प्रदेश की सभी निर्माणाधीन बड़ी एवं मध्यम सिंचाई प्रोजेक्ट्स का अब तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा गुणवत्ता पूर्ण निरीक्षण करने की कार्यवाही होगी। राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अपने विभागीय अपर मुख्य सचिव एसएन मिश्रा को नोटशीट भेजकर कहा है कि  विगत अगस्त माह में निर्माणाधीन कारम मध्यम सिंचाई परियोजना जिला धार में सीपेज होने से अप्रिय स्थिति निर्मित हुई थी।

ऐसी स्थिति न केवल लोक कल्याणकारी परियोजनाओं की दृष्टि से अनुचित है, बल्कि इससे शासन की छवि भी खराब होती है। इसलिये जल संसाधन विभाग अंतर्गत निर्माणाधीन सभी सिंचाई परियाजनाओं, विशेष रुप से वृहद् एवं मध्यम सिंचाई परियोजनाओं का तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा निरीक्षण किया जाये एवं कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाये और इससे अवगत भी कराया जाये।

अपर मुख्य सचिव ने इस नोटशीट को ईएनसी मदन सिंह डावर को भेज कर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। ईएनसी ने मुख्य अभियंता बांधी को इस संबंध में कार्यवपाही करने के लिये पत्र लिख दिया है और मुख्य अभियंता बांधी ने सभी अन्य मुख्य अभियंताओं/परियोजना संचालकों को आवश्यक कार्यवाही करने की हिदायत जारी कर दी है।