MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. ऐसे में केंद्रीय नेताओं के आने-जाने का सिलसिला भी लगातार जारी है. अब ख़बरों की माने तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल भोपाल दौरे पर आ रहें हैं.

भले ही मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट तेज हो चली है. लेकिन, भाजपा सत्ता संगठन को लेकर उठती अटकलों पर विराम नहीं लग पाया है. इन्हीं कयासों के बीच एक बार फिर प्रदेश के आला नेताओं की सांसे उखड़ने लगी है. जिसकी बड़ी वजह, अचानक से भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह का दौरा तय होना है.

अमित शाह कल 11 जुलाई देर शाम भोपाल आयेंगे. फिर भाजपा कार्यालय में संगठन की बैठक लेंगे. सूत्रों की मानें तो यह बैठक करीब 4 घंटे तक चलने वाली है. अब संगठन पदाधिकारी शाह के दौरे की तैयारियों में जुट गए हैं. अचानक तय हुए इस दौरे के बाद से ही अटकलों का बाजार फिर से गर्म हो गया है.

हाल ही में भाजपा ने संगठन में बदलाव करते हुए चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की. साथ ही चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी भी नियुक्त किये. तब ऐसा माना जा रहा था कि प्रदेश संगठन में भी बदलाव हो सकता है. हालांकि, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. 

तब भाजपा ने प्रदेश संगठन में कोई बदलाव नहीं किया था. अब एक बार फिर शाह के दौरे से ये अटकलें लगनी शुरू हो गई है कि संगठन में बदलाव हो सकता है. अब कल ये बैठक ही तय करेगी की आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की दशा और दिशा किस ओर होगी.