सरदारपुर एवं सैलाना अभयारण्य में विलुप्त हो रहे खरमौर पक्षी के संरक्षण की कार्ययोजना बनेगी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सरदापुर अभयारण्य में खरमौर पक्षी के संरक्षण पर वन विभाग ने वर्ष 2020-21 से वर्ष 2024-25 तक कुल 57 लाख 30 हजार रुपये व्यय किये हैं तथा इस अभयारण्य में वर्ष 2020-21 में 6, वर्ष 2021-22 में भी 6 तथा वर्ष 2022-23 में 5 खरमौर पक्षी देखे गये हैं..!!

भोपाल: प्रदेश के धार जिले में स्थित सरदारपुर और रतलाम जिले में स्थित सैलाना अभयारण्य में विलुप्त हो रहे दुर्लभ पक्षी खरमौर के संरक्षण के लिये एक बार फिर कार्ययोजना बनेगी। इसके ताजा निर्देश सीएम मोहन यादव ने वन विभाग की वन्यप्राणी शाखा को दिये हैं।

उल्लेखनीय है कि सरदापुर अभयारण्य में खरमौर पक्षी के संरक्षण पर वन विभाग ने वर्ष 2020-21 से वर्ष 2024-25 तक कुल 57 लाख 30 हजार रुपये व्यय किये हैं तथा इस अभयारण्य में वर्ष 2020-21 में 6, वर्ष 2021-22 में भी 6 तथा वर्ष 2022-23 में 5 खरमौर पक्षी देखे गये हैं जबकि वर्ष 2023-24 तथा वर्ष 2024-25 में एक भी खरमौर पक्षी नहीं देखा गया है। 

इसी प्रकार, सैलाना अभयारण्य में इन पांच सालों में खरमौर पक्षी के संरक्षण हेतु 1 करोड़ 72 लाख 86 हजार रुपये व्यय किये गये हैं जबकि इन पांचों सालों में एक भी खरमौर पक्षी नहीं देखा गया है। सरदारपुर अभयारण्य का 215.28 किलो वर्गमीटर क्षेत्र डिनोटिफाई करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।