अनशन पर बैठी आतिशी की तबीयत बिगड़ी, LNJP अस्पताल में भर्ती


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Atishi Health Update: दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है, आतिशी पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं..!!

दिल्ली में जल संकट को लेकर भूख हड़ताल पर बैठीं मंत्री आतिशी की तबीयत देर रात बिगड़ गई। उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें दिल्ली के LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली की मंत्री आतिशी के स्वास्थ्य पर LNJP अस्पताल के चिकित्सा निदेशक सुरेश कुमार ने कहा है, कि आतिशी को ICU में एडमिट किया गया है।

आपको बता दें कि इस समय देश की राजधानी दिल्ली गंभीर जल संकट से जूझ रही है। बूंद-बूंद पानी के लिए भी लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी बीच भूख हड़ताल पर बैठी आतिशी की सेहत को देखते हुए उन्हें सोमवार को ही अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई थी। वह दिल्ली के लोगों के लिए लड़ रही हैं।

आतिशी का ब्लड शुगर लेवल बहुत कम हो गया है, जिसके चलते उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करना पड़ा। मंगलवार को आतिशी की भूख हड़ताल का पांचवां दिन है। आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह के मुताबिक, स्वास्थ्य जांच में पता चला कि उनका ब्लड शुगर लेवल काफी गिरकर 43 पर आ गया है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि हालत बिगड़ने से पहले उन्हें हॉस्पिटेलाइज कराया जाए।

पिछले 5 दिनों से आतिशी ने कुछ भी नहीं खाया है। कीटोन्स बढ़ रहे हैं और बीपी कम हो रहा है। संजय सिंह ने कहा कि वह अपने लिए नहीं, दिल्ली की जनता के लिए, पानी के लिए लड़ रही हैं।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने आतिशी की हालत के बारे में अधिक जानकारी दी। भारद्वाज ने एक्स पर पोस्ट किया कि आतिशी का ब्लड शुगर लेवल गिरकर 36 हो गया है। भारद्वाज ने कहा कि रात से उनका ब्लड शुगर लेवल गिर रहा है। जब हमने उनका ब्लड सैंपल लिया तो उनका शुगर लेवल 46 निकला। जब हमने पोर्टेबल मशीन से उनका शुगर लेवल चेक किया तो उनका शुगर लेवल 36 पाया गया। डॉक्टर उनके महत्वपूर्ण अंगों की जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही कोई सुझाव देंगे।

जल मंत्री आतिशी ने खराब स्वास्थ्य के बावजूद अपना रुख बरकरार रखा और जोर देकर कहा कि जब तक हरियाणा सरकार दिल्ली के पानी के अधिकार को पूरा नहीं करती, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने खास तौर पर हथिनीकुंड बैराज के गेट खोलने की ओर इशारा किया।