Bengal Assembly Election:बंगाल में टीएमसी  ने 74 विधायकों के टिकट काटे, भबानीपुर में भिड़ेंगे ममता-सुवेंदु


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Bengal Assembly Election: बाकी 3 सीटें सहयोगी बीजीपीएम को दी हैं। ममता ने 74 विधायकों (करीब एक तिहाई) के टिकट काट दिए हैं, 15 विधायकों की सीटें बदली गई हैं..!!

तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की कुल 294 सीटों में से 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। बाकी 3 सीटें सहयोगी बीजीपीएम को दी हैं। ममता ने 74 विधायकों (करीब एक तिहाई) के टिकट काट दिए हैं। 15 विधायकों की सीटें बदली गई हैं।

ममता बनर्जी भबानीपुर से चुनाव लड़ेंगी। उनका मुकाबला भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से होगा। 2021 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में सुवेंदु ने ममता को नंदीग्राम सीट पर हरा दिया था। ममता ने लिस्ट जारी करते हुए कहा कि मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि आप डर क्यों रहे हैं। अगर लड़ना है तो गैस संकट पैदा मत कीजिए। मैदान में आकर सही तरीके से मुकाबला कीजिए।

लिस्ट में ममता ने सेलिब्रिटी चेहरों से दूरी बनाई और जमीनी नेता और कार्यकर्ताओं  पर ज्यादा भरोसा जताया। 2021 में 15 सेलिब्रिटी को टिकट दिया था। इस बार 2 सेलिब्रिटीज को टिकट मिला है।  लिस्ट में 52 महिलाएं हैं। 47 उम्मीदवार अल्पसंख्यक समुदाय से हैं।

3 बार से ममता बनर्जी ही मुख्यमंत्री

14 साल सेसीएम  ममता के सामने भाजपा मुख्य चुनौती है। 2026 के चुनाव में टीएमसी जीती तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। वे ऐसा करने वाली देश पहली महिला होंगी। जयललिता के नाम 5 बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। हालांकि, वह 1991 से 2016 तक अलग-अलग कार्यकाल (लगातार नहीं) में मुख्यमंत्री पद पर रहीं।

केरल- कांग्रेस ने 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ को पेरावूर सीट से, वीडी सतीसन को परावूर से, चांडी ओम्मन को पुथुपल्ली सीट से मैदान में उतारा गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होंगे और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।