आईपीएल 2026 में रॉयल चैलैंजर्स बेंलगुरु ने बुधवार को खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए। जवाब में बेंगलुरु ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
बेंगलुरु के लिए चेज मास्टर विराट कोहली ने नाबाद 105 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 39 रन बनाए, जबकि जैकब बेथेल ने 15 रन का योगदान दिया। आखिर में जितेश शर्मा 8 रन बनाकर नाबाद लौटे। कोलकाता की ओर से कार्तिक त्यागी ने 3 विकेट लिए, जबकि सुनील नरेन को 1 सफलता मिली।
कोलकाता के लिए अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 46 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आखिर में रिंकू सिंह ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। शुरूआत में फिन एलन ने 8 गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 13 गेंदों में 19 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने भी 24 गेंदों में 32 रन का योगदान दिया। बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार को 1-1 विकेट मिला।
पंजाब पर लगातार 4 हार का प्रेशर
गुरुवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा। यह मैच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होगा। मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे होगा। इस मैच में पंजाब पर लगातार 4 मैच हारने का दबाव होगा। उसके लिए मुंबई इंडियंस चुनौती बन सकती है। मुंबई ने पिछले मैच में रायपुर में बेंगलुरु को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि, भुवनेश्वर के छक्के से बेंगलुरु को जीत मिली थी।
पंजाब की सबसे बड़ी परेशानी उसकी गेंदबाजी है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी यह मान चुके हैं। उन्होंने कहा था कि टूनार्मेंट की शुरूआत में बैटर्स के शानदार प्रदर्शन से गेंदबाजी की कमजोरियां सामने नहीं आईं, लेकिन अब यह चिंता का विषय बन गई हैं। पिछले मैच में पंजाब ने दिल्ली के खिलाफ जीत की स्थिति से आखिरी 5 ओवरों में मैच गंवा दिया था।
पंजाब और मुंबई का हेड-टु-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर है। दोनों टीमों के बीच 35 मैच खेले गए हैं। दोनों ने 17-17 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा। आज जीतने वाली टीम बढ़त हासिल करेगी।
इस सीजन पंजाब किंग्स के लिए कूपर कोनोली शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 415 रन बनाए हैं। उनके नाम 1 शतक और 2 अर्धशतक हैं। उनका स्ट्राइक रेट 168.01 रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 11 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 3 विकेट रहा है।
पुराण डेस्क