Rajasthan New CM: राजस्थान में नए मुख्यमंत्री को लेकर सुबह से जारी सस्पेंस अब खत्म हो गया है. जयपुर की सांगानेर सीट से पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा ही राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे.
दिल्ली से आए पर्यवेक्षकों ने विधायक दल की बैठक के बाद भजनलाल शर्मा का नाम तय कर लिया है. बीजेपी आलाकमान ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडेय को राजस्थान का पर्यवेक्षक बनाया था.
राजस्थान में भी दो डिप्टी सीएम बनाए गए हैं. जिसकी जिम्मेदारी दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को दी गई है. वहीं, वासुदेव देवनानी को विधानसभा स्पीकर का पद सौंपा गया है.
कुल मिलाकर तीनों ही राज्य मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जातिगत समीकरण को पूरी तरह से साधने का प्रयास किया हैं.
कौन हैं भजनलाल शर्मा?
- अगर हम राजस्थान के नए मुख्यमंत्री की बात करें तो भरतपुर के रहने वाले भजन लाल शर्मा की संगठन में ना सिर्फ मजबूत पकड़ हैं बल्कि वह संगठन में लंबे समय से कार्यरत भी हैं.
- भजन लाल शर्मा प्रदेश महामंत्री के तौर पर कार्य करते रहे हैं. बीजेपी ने उन्हें पहली बार 2023 में सांगानेर जैसी सुरक्षित सीट से चुनावी मैदान में उतारा था. उन्होंने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों से चुनाव हराया है.
- भजन लाल शर्मा विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार में ही राजस्थान के नए मुख्यमंत्री बने हैं. इसके पीछे वजह यह है कि वह संगठन के नेता होने के साथ-साथ अमित शाह के काफी करीबियों में भी गिने जाते हैं.
- बीजेपी ने इस सीट पर मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटकर भजन लाल शर्मा को प्रत्याशी बनाया था. अपने राजनीतिक सफ़र में वे 4 बार प्रदेश महामंत्री रहे हैं. साथ ही RSS और ABVP से जुड़े नेता के तौर पर जाने जाते हैं.
बता दें कि राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव में 200 में से 199 सीटों पर हुई वोटिंग में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है. बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, 69 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली. यानी, राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी को सत्ता हासिल हुई.