भोपाल : ताज होटल के सामने भदभदा झुग्गी बस्ती पर चला बुलडोजर, NGT के आदेश पर एक्शन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि एनजीटी के आदेश के बाद भदभदा कॉलोनी से 386 अतिक्रमण हटाए जाने हैं..!!

मध्य प्रदेश के भोपाल में होटल ताज के सामने भदभदा झुग्गी बस्ती से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। लोगों को घर खाली करने के लिए मंगलवार तक का समय दिया गया था। पुलिस ने लोगों को यहां आने से रोकने के लिए बैरिकेटिंग भी की है। मौके पर 1 हजार पुलिसकर्मी मौजूद हैं। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि एनजीटी के आदेश के बाद भदभदा कॉलोनी से 386 अतिक्रमण हटाए जाने हैं।

जानकारी के मुताबिक कलेक्टर ने शहरवासियों को कुछ विकल्प दिए हैं। पहला- प्रत्येक परिवार को 1 लाख रुपये की राहत राशि या चांदपुर में सस्ती दर पर जमीन दी जाएगी। दूसरा- दूसरा- जो लोग चाहें हाउसिंग फॉर ऑल का मकान ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें लोन दिलाने में मदद की जाएगी। निवासियों ने इसे अस्वीकार कर दिया। उनका कहना था कि उनके मकानों का भुगतान बाजार मूल्य के अनुसार किया जाए या मकान के बदले मकान दिया जाए। बाद में उन्हें दो-तीन विकल्प और दिए गए।

जानकारी के मुताबिक बस्ती करीब 100 साल पुरानी है। यहां 386 कच्चे और पक्के मकान हैं। जिनमें डेढ़ हजार से अधिक लोग रहते हैं। उनका कहना है कि यहां दो पीढ़ियां गुजर गईं। हम यहीं पैदा हुए, यहीं बूढ़े हुए और हमारे बच्चे यहीं बड़े हुए। अब हम कहाँ जाएं? बच्चों की परीक्षाएं भी चल रही हैं। हमें यहां से हटा दिया गया तो बच्चों का भविष्य खराब हो जायेगा। प्रशासन ने रहने की कोई व्यवस्था नहीं की है। हम एक घर के बदले एक घर चाहते हैं। जब तक ऐसा नहीं होता हम यहां से नहीं हटेंगे।