भोपाल के बोट क्लब इलाके में विंड्स एंड वेव्स रेस्टोरेंट में एक इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। परिवार को गड़बड़ी का संदेह है, वहीं पिता का कहना है कि हमसे कुछ छुपाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रीशियन की मौत करंट लगने से हुई है।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों ने जांच की मांग को लेकर रॉयल मार्केट चौक पर जाम किया। एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित मौके पर तैनात रही।
शाहजहांनाबाद इलाके के मजदूर नगर निवासी यशवंत यादव (24) विंड्स एंड वेव्स रेस्टोरेंट में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे। बुधवार की रात रेस्टोरेंट स्टाफ ने उनके घर सूचना दी कि यशवंत बेहोश हो गये हैं। वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। बाद में यशवंत के मृत होने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि डेढ़ महीने बाद उनकी शादी होनी थी।
पिता हेमराज यादव ने बताया कि उनका बेटा बुधवार दोपहर 12 बजे घर से काम के लिए निकला था। रात 8.30 बजे उन्हें और उनके दूसरे बेटे अशोक को फोन पर सूचना दी गई कि यशवंत की मौत हो गई है। जब हम अस्पताल पहुंचे तो रेस्टोरेंट प्रबंधन के लोग मौजूद थे। हमें मौत का कारण नहीं बताया गया। 50 हजार रुपये दिए और अंतिम संस्कार करने को कहा। इतना ही कहा कि बेटा अचानक बेहोश हो गया, उसे अस्पताल लाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
थाना प्रभारी राम विलास सिंह विमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। रेस्टोरेंट स्टाफ ने भी यही जानकारी दी। पीएम हो चुका है। रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।