Bhopal News: सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते पर गुरुवार को निर्णय? डिप्टी सीएम करेंगे अधिकारियों से चर्चा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मप्र महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में केंद्र से पीछे, कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिला जनवरी 2024 से देय 4% डीए, केंद्र ने 3% डीए भी जुलाई 2024 का बांटा..!!

MP DA Hike: केंद्र सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50 से बढ़ाकर 53 फीसदी कर दिया है। इसके बाद कर्मचारियों ने राज्य सरकार पर भी DA बढ़ाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इस संबंध में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा से मुलाकात कर दिवाली से पहले इसे बढ़ाने का अनुरोध किया। उपमुख्यमंत्री ने इस पर मुख्यमंत्री से चर्चा करने को कहा।

एमपी के कर्मचारियों के दिवाली से पहले महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग पर, जल्द फैसला होने की संभावना है। केंद्रीय कर्मचारियों और छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने के बाद अब मध्य प्रदेश में भी कर्मचारी इसे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

इस संबंध में उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर निर्णय लिया जायेगा। भारतीय मजदूर संघ और राज्य कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि राज्य कर्मचारियों को वर्तमान में 46 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है।

वहीं, अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को जनवरी 2024 से 50 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। भारत सरकार द्वारा महंगाई भत्ते में तीन फीसदी की बढ़ोतरी से यह अंतर सात फीसदी हो गया है। कर्मचारी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।

दिवाली से पहले बढ़ोतरी पर फैसला लिया जाना चाहिए। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा और विभागीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।