भोपाल में रेलवे ट्रैक पर रविवार की रात मिले B.Tech स्टूडेंट निशांक के शव की गुत्थी दो दिन बाद भी नहीं सुलझ पाई है। पुलिस अब तक निशांक के पिता के वॉट्सऐप पर आये स्क्रीनशॉट को लेकर भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँच पाई है जिसमे निशांक की फोटो पर लिखा था- गुस्ताख-ए-नबी की एक ही सजा, सिर तन से जुदा...।

इस तरह का मैसेज मिलने के बाद इस घटना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं और पूरे देश में इस मामले की चर्चा हो रही है। वहीं इस मामले मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एसआईटी का गठन कर दिया है। इसमें अतिरिक्त् पुलिस अधीक्षक, तीन डीएसपी, चार टीआई को शामिल किया गया है। 

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक़ CCTV के आधार पर शाम 4:08 बजे निशांक के टीटी नगर से सिवनी मालवा निकलने की पुष्टि हुई है। निशांक का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें उसे शाम 5:09 पर पेट्रोल पंप पर देखा गया था। इसके बाद 5:26 पर आर्टिकल देखा गया और फोटो डालकर इसे जोड़ा गया। गृहमंत्री ने यह भी बताया कि  शाम 5:48 पर इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की गई और 5:50 पर फेसबुक पर फोटो शेयर की गई। 

निशांक के शाम 6:02 पर ट्रेन से कटकर मृत्यु की पुष्टि हुई। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में भी  मौत का कारण ट्रेन से कटना ही बताया गया है। निशांक का शव शाम 7 बजे रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया था। पुलिस को घटनास्थल मिडघाट बरखेड़ा के पास से ही निशांक की स्कूटी और मोबाइल भी मिला है। 

निशांक राठौर भोपाल के ओरियंटल कॉलेज में B.Tech 5th सेमेस्टर का छात्र था। प्रारंभिक जांच में ये मामला सुसाइड का लग रहा है। छात्र के बारे में ये भी पता चला है, कि वो शेयर बाजार में भी पैसा लगाता था। इस बात का भी अनुमान है, कि शेयर में घाटा होने के कारण भी निशांक ने ग़लत कदम उठा लिया हो। निशांक की मौत के बाद जब उसका शव घर लाया गया तो उसकी बहन ने राखी बांधकर नम आंखों से अपने भाई को विदाई दी। बेटे की मौत के बाद परिवार जनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरा परिवार शोक में डूबा है।