भोपाल: राजधानी भोपाल के विठ्ठल मार्केट में स्थित वाणिज्यिक कर विभाग के भवन का अब लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग विक्रय नहीं करेगा। इसे आबकारी कार्यालय को सौंप दिया गया है। दरअसल लोक परिसम्पत्ति विभाग ने उक्त भवन का निजी क्षेत्र में विक्रय करने के लिये निर्णय लिया था और इसका रिजर्व मूल्य 30 करोड़ 86 लाख रुपये निर्धारित किया था और ई-नीलामी में इस रिजर्व मूल्य से ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को इसे बेच दिया जाता।
लेकिन शासन स्तर पर इसे अब न बेचने का निर्णय लिया गया है और इसे वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत आने वाले आबकारी कार्यालय को सौंप दिया गया है। इस भवन में अब आबकारी आयुक्त का लिंक कार्यालय बन गया है तथा भोपाल संभाग का उडऩदस्ता कार्यालय भी इसमें शिफ्ट हो गया है।