राजस्थान में BJP को बड़ा झटका, बिना जीते मंत्री बने सुरेंद्र पाल चुनाव हारे


स्टोरी हाइलाइट्स

श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत

राजस्थान में सरकार बनाने के बाद भाजपा को बड़ा झटका लगा है। श्रीगंगानगर की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज़ की है। यहाँ भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह को चुनाव नतीजे से पहले ही मंत्री पद की शपथ दिला दी गई थी।

भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह को कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने करीब 11000 वोटों से हराया। कुन्नर को 94761 और टीटी को 83500 वोट मिले। कांग्रेस की इस जीत को हाल ही में सत्ता में आई भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रुपिंदर सिंह कुन्नर को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश भाजपा की तानाशाही पर तमाचा है। वहीं, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।

गौरतलब है कि सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को विधायक बनने से पहले ही भाजपा ने सरकार में राज्य मंत्री बना दिया था। कांग्रेस ने इसका काफी विरोध किया था और चुनाव आयोग को शिकायत भी की थी।

श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर पांच जनवरी 2024 को मतदान हुआ था। विधानसभा चुनाव के दौरान श्रीकरणपुर से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने सीट पर चुनाव रद्द कर दिया था। कांग्रेस ने इस सीट से गुरमीत सिंह कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह कुन्नर को उम्मीदवार बनाया था।