उज्जैन के महिदपुर पहुंचे PCC चीफ कमलनाथ की सुरक्षा में हुई चूक का मामला सामने आया है। यहाँ कमलनाथ को लेकर पहुंचे हेलिकॉप्टर की पंखुड़ी से पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ में लिए झंडे टकरा गए। अच्छा यह रहा कि हादसे में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं  हुआ।

कमलनाथ रविवार को महिदपुर पहुंचे थे। उनके स्वागत को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हेलीपैड पहुंचे थे जिनके हाथों में ये झंडे थे। स्वागत के दौरान ही यह घटना हो हो गई। घटना का वीडियो भी वायरल है।

कमलनाथ ने महिदपुर में जनसभा को संबोधित भी किया था। कमलनाथ ने यहाँ कहा कि मध्यप्रदेश में 15 वर्षों बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, साढे़ ग्यारह महीने हमारी सरकार को काम करने का मौका मिला और हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। हमने प्रदेश में कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की पहल की और पहली ही किस्त में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, अकेले महिदपुर में 93 हजार किसानों का कर्जा माफ किया।

अपनी सरकार के कार्यकाल की अन्य उपलब्धियों को बताते हुए कमलनाथ ने कहा कि मेरी सरकार ने 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी, 1000 गौशालाओं का निर्माण कराया, रोजगार के नये अवसर सृजित करने की शुरूआत की लेकिन जनादेश का अपमान कर खरीद-फरोख्त कर धनबल और धोखे से भाजपा ने अपनी सरकार बना ली।