त्रिपुरा से बीजेपी विधायक जदब लाल नाथ को राज्य की विधानसभा के अंदर कथित तौर पर पोर्न देखते हुए पकड़ा गया है। रिपोर्ट्स और लीक हुए वीडियो से पता चलता है कि त्रिपुरा नेताजी असेंबली सेशन के दौरान अपने टैबलेट पर पोर्न देख रहे थे।

जब नाथ अपने टैबलेट पर पोर्न देख रहे थे, तभी उनके ठीक पीछे खड़े किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 27 मार्च को त्रिपुरा विधानसभा में हुई थी।

2018 के चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पहले नाथ CPI(M) के कार्यकर्ता थे। बीजेपी के टिकट पर उनका पहला चुनाव पूर्व स्पीकर रामेंद्र चंद्र देबनाथ के खिलाफ हुआ था, जिसमें वे हार गए थे। हालांकि, हाल ही में हुए 2023 के विधानसभा चुनाव में नाथ विजयी हुए थे।

अब इस मामले को लेकर जदब लाल नाथ से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। 

त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने, बताया “हमें इस प्रकरण के बारे में कल रात मीडिया के माध्यम से पता चला। जादब लाल नाथ से भी मेरी रात में बात हुई थी। मैंने आज उन्हें फोन किया। पार्टी की ओर से उन्हें नोटिस भी जारी किया जाएगा। हम उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे।

मामले को लेकर विधायक जदब लाल का कहना है कि यह साजिश के तहत किया गया है। वह इस मामले में पार्टी को अपना स्पष्टीकरण देंगे। 

कर्नाटक से भी कुछ इसी तरह की ख़बरें सामने आई थीं। भारत की संसदीय कार्यवाही के इतिहास में ऐसा पहली बार 2012 में हुआ था। भाजपा सदस्य लक्ष्मण सावदी और सीसी पाटिल एक स्थानीय कन्नड़ चैनल के कैमरे पर पोर्न देखते हुए पकड़े गए थे। कर्नाटक के विपक्षी जनता दल-सेक्युलर (JDS) के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस घटना को लोकतंत्र पर काला धब्बा करार दिया था।