शिवराज सरकार ने 1 अप्रैल से मध्य प्रदेश में सभी अहाते बंद तो करा दिए पर अब महिलाएं शराब दुकान बंद कराने की मांग लिए नेताओं के चक्कर लगाने लगी है.
शराब पीने की व्यवस्था पर सरकारी ताला लगे अभी ठीक से चार दिन भी नहीं हुए थे कि कुछ महिलाएं अपनी परेशानी लिए विधायक जी के पास पहुंच गई क्योंकि अब शराब प्रेमियों ने दुकान के बजाय घर को ही अहाता जो बना लिया है.
इससे महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं. इस बात का जिक्र खुद महिलाएं विधायक जी से करती हुई दिखाई दे रहीं हैं. दरअसल, विधायक और महिलाओं के बीच बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में दिख रहें नेताजी कोई और नहीं बल्कि मुरैना जिले के अंतर्गत आने वाली जौरा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक सूबेदार सिंह सिकरवार हैं.
जौरा से करीब एक किलोमीटर दूर सांकरा गांव की महिलाएं गांव में खुली शराब दुकान से काफी परेशान हैं. उन्होंने शराब की दुकान बंद करवाने की बहुत कोशिश की लेकिन जब कोई फायदा नहीं हुआ तो वे सोमवार के दिन बीजेपी विधायक के पास पहुंच गई.
इस दौरान विधायक जी ने महिलाओं से कुछ ऐसी बात कह दी कि ना सिर्फ महिलाएं भड़क गईं बल्क़ि बीजेपी की भी किरकिरी हो गई.
शिकायती लहजे में महिलाएं बोली, गांव में शराब की दुकान बंद होनी चाहिए, तो विधायक जी ने भी बिना कुछ देर किए साफ़ शब्दों में कह दिया- वे कैसे बंद करवा सकते हैं, क्योंकि वे तो खुद शराब ठेकेदार हैं.
इस बयान के बाद महिलाएं भड़क गई और कहने लगी कि तुम शराब के ठेकेदार हो तो हम क्या पागल हैं, जो मारपीट खाएंगे और फिर बाद में तुम कहोगे कि महिलाएं मारपीट करेंगी.
विधायक जी आगे सिर्फ ‘सही बात’ ही कहते रहें लेकिन महिलाओं ने दो-टूक कह दिया कि गिलास दे रहे हैं, पानी दे रहे हैं और घर में बैठकर पिला भी रहे हैं, यह कौन सा नियम है?
महिलाओं ने आगे सवाल पूछते हुए विधायक जी से कहा कि शराब ठेकेदारी के तुम ठेकेदार से कितने पैसे लेते हो? शराब ठेके का कितने में ठेका हुआ है?
इस पर विधायक जी ने कहा कि हमारा तो जौरा में ठेका है, वहां सांकरा गांव में नहीं है. यह सुन महिलाएं बोलीं हम तो सांकरा की बात करने आये हैं. जौरा में शराब बिके इससे हमें कोई मतलब नहीं, बस हमारे गांव में नहीं बिके.
फ़िलहाल, इस बातचीत का वीडियो वायरल हुआ तो बीजेपी के लिए मुश्किल खड़ी हो गई क्योंकि एक तरफ शिवराज सरकार अहाते बंद कर बहनों के साथ खड़ीं नज़र आ रहीं हैं तो वहीं दूसरी तरफ़ उन्हीं के विधायक शराब ठेकेदार बने बैठे हैं.