सीधी के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सख्त तेवर के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मानसिक विक्षिप्त आदिवासी पर पेशाब करने वाले भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सीएम शिवराज ने पुलिस को आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
एक मानसिक विक्षिप्त पर पेशाब करते हुए प्रवेश शुक्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो कुबरी बाजार का बताया गया है। आरोपी प्रवेश शुक्ला कुबरी का ही रहने वाला है। प्रवेश शुक्ला बीजेपी कार्यकर्ता है और विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि रह चुका है।
वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा था कि - मैंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अपराधी पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो उदाहरण बने। अपराधी की ना तो कोई जाति होती है और धर्म। अपराधी किसी पार्टी का नहीं होता, अपराधी केवल अपराधी होता है।
दूसरी ओर वीडियो को कांग्रेस ने सवाल उठाये थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लिखा था कि आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। पेशाब करने वाला व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे मध्य प्रदेश को शर्मसार कर दिया है।