मछली परिवार के घर पर चला बुलडोजर, 100 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति के बाद अब यहाँ कार्रवाई


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

भोपाल ड्रग केस, आरोपी न सिर्फ़ ड्रग्स बेच रहे थे, बल्कि लड़कियों और महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके साथ बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल और शोषण का खेल भी खेल रहे थे..!!

मध्य प्रदेश में कुख्यात मछली परिवार के साम्राज्य के आखिरी गढ़ पर 21 अगस्त गुरुवार को बुलडोजर चला दिया गया है। भोपाल ज़िला प्रशासन का बुलडोजर मछली परिवार के सरकारी ज़मीन पर बने तीन मंजिला मकान पर चला है। इससे पहले 30 जुलाई को मछली परिवार की 100 करोड़ रुपये से ज़्यादा की अवैध संपत्ति (मकान, फ़ैक्टरी, गोदाम, फ़ार्म हाउस और मदरसा) पर बुलडोजर चला था। 

शारिक अहमद उर्फ मछली, सोहेल अहमद, शफीक अहमद पिता शरीफ अहमद के घर पर कार्रवाई हो रही है। भोपाल के आनंदपुर कोकता इलाके के वार्ड क्रमांक 62 में मछली परिवार का एक साम्राज्य था। एमडी ड्रग तस्कर यासीन अहमद उर्फ मछली और शाहवर अहमद उर्फ मछली के परिवार के सदस्य शारिक सोहेल शफीक मछली हैं।

यासीन शाहवर पर ड्रग तस्करी, महिलाओं के यौन शोषण और युवकों की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप था। 30 जुलाई को ही प्रशासन ने मछली परिवार के तीन मंजिला मकान को सील कर दिया था।

शारिक मछली का परिवार इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट पहुँच गया है। शारिक मछली के वकील ने दावा किया कि हमें कोई नोटिस नहीं दिया गया। शारिक मछली के वकील ने कहा कि ज़मीन सरकारी नहीं है, हमारे पास इसके सारे कागज़ात हैं। हम दस्तावेज़ लेकर हाईकोर्ट गए हैं। भारी बारिश में भी कार्रवाई जारी है।

भोपाल पुलिस के नशे के खिलाफ अभियान में एक बड़ा खुलासा हुआ है। भोपाल क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स के साथ हथियार, वीडियो ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण जैसे कई गंभीर मामलों के तार जुड़े होने का खुलासा किया था। इसके बाद, भोपाल पुलिस ने कॉलेज की छात्राओं से बलात्कार-ब्लैकमेलिंग मामले में शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन को गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी के बाद, शारिक मछली (मामा) को भी गिरफ्तार किया गया।

कुछ दिन पहले, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने सख्त लहजे में कहा था, “महिलाओं को नीची नज़र से देखने वालों, ड्रग माफिया और लव जिहादियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह लव जिहाद हो या ड्रग माफिया, उनके द्वारा की जाने वाली आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार किसी भी अपराधी को नहीं बख्शेगी। हम एक-एक करके सभी से निपटेंगे।”