OCCRP रिपोर्ट: बाजार खुलते ही अडानी को झटका, ग्रुप के शेयर में बड़ी गिरावट


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

अडानी ग्रुप के शेयर आज बाजार खुलते ही धराशाई हो गए..!

देश के बड़े व चर्चित अडानी ग्रुप के सभी शेयरों में आज गिरावट से बाजार में हलचल है। दरअसल एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि अडानी ग्रुप ने गुपचुप तरीके से खुद अपने शेयर खरीदकर स्टॉक एक्सचेंज में लाखों डॉलर का निवेश किया। हालांकि अडानी ग्रुप ने इन आरोपों का खंडन किया है लेकिन इस कारण अडानी ग्रुप के शेयर आज बाजार खुलते ही धराशाई हो गए। 

संगठित अपराध और भ्रष्टाचार रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट (OCCRP) ने गुरुवार को एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी ग्रुप के कुछ सार्वजनिक तौर पर कारोबार करने वाले कंपनियों के शेयरों में "अपारदर्शी" मॉरीशस फंड के माध्यम से लाखों डॉलर का निवेश किया गया है, जिसने अडानी फैमिली के कथित व्यापारिक भागीदारों की हिस्सेदारी को "अस्पष्ट" किया है।

रिपोर्ट सामने आने के बाद अडानी ग्रुप की सभी दस लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर बुधवार को 2513.60 रुपये पर बंद हुआ था और आज गिरावट के साथ 2453.65 रुपये पर खुला। 

अडानी विल्मर, अडानी टोटल गैस, अडानी पावर, अडानी ट्रांसमिशन, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड, एनडीटीवी, अंबूजा सीमेंट्स और एसीसी के शेयरों में भी गिरावट देखी जा रही है। अडानी पावर, अडानी पावर सॉल्यूशंस और अडानी ग्रीन के शेयरों में तीन फीसदी गिरावट आई है।