मध्यप्रदेश में भारी बारिश का दौर खतरनाक साबित होता जा रहा है। सीहोर जिले में कल देर रात तहसीलदार और पटवारी कार सहित नदी में बह गए। पटवारी महेन्द्र रजक का शव बरामद हो गया है वहीं तहसीलदार नरेन्द्र सिंह अभी लापता हैं। दोनों रात में कार से वापस लौट रहे थे।
हादसा सीहोर के पास सिवान नदी की पुलिया पर हुआ। तहसीलदार नरेंद्र सिंह ठाकुर सीहोर के पास कार से पुलिया पार करते समय सिवान नदी में बह गए। तहसीलदार नरेंद्र सिंह ठाकुर मप्र तहसीलदार संघ के अध्यक्ष थे और शाजापुर में पदस्थ थे। तहसीलदार के साथ नसरुल्लागंज में पदस्थ पटवारी महेंद्र रजक भी कार में सवार थे।
पटवारी महेन्द्र रजक का शव पुल से करीब तीन किलोमीटर दूर छापरी खुर्द के पास नदी में मिला। वहीं अवंतिपुरा के पास नदी और डैम के बीच कार फंसी मिली है, जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। तहसीलदार नरेंद्र सिंह ठाकुर अभी लापता है।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात तहसीलदार और पटवारी अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने रफीकगंज स्थित दोस्त तरुण सिंह के फार्म हाउस पर गए थे। तहसीलदार और पटवारी एक कार में सवार थे। जब रात में दोनों नहीं लौटे तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ कराई थी।