दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर शुक्रवार सुबह CBI टीम पहुंची है। शुक्रवार सुबह दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास समेत देश भर में 25 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी हुई है। यह छापे शराब नीति में घोटाले के आरोप से जुड़े हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल विजय कुमार सक्सेना इस मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी दे चुके हैं और केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में एक्शन में आ चुकी है।
मनीष सिसोदिया ने सीबीआई छापे के संदर्भ में शुक्रवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा- सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे इसी तरह परेशान किया जाता है। इसलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-1 नहीं बन पाया।
वहीं छापे के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि CM केजरीवाल की आप सरकार बेनकाब हो गई है। भ्रष्ट व्यक्ति खुद को बेकसूर साबित करने की कितनी भी कोशिश करे, वह भ्रष्ट ही रहेगा। दिल्ली में शराब की दुकानों में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।
दूसरी ओर सीबीआई छापे के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल 3 बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। पंजाब गए तो वहां प्रचंड बहुमत से AAP की सरकार बनी। पूरे देश में केजरीवाल का शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल पहुंच रहा है। देश में केजरीवाल के नाम पर लोग जुड़ रहे हैं इसका कारण दिल्ली का स्वास्थ्य और शिक्षा का मॉडल। इससे नरेंद्र मोदीजी को नींद नहीं आती है।