होली से पहले मध्यप्रदेश के मौसम का रंग बदल गया है। सोमवार को प्रदेश के 20 जिलों में बारिश होने के आसार है। इन जिलों में गरज के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना भी है। दिन और रात के तापमान में भी गिरावट होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक़ भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रायसेन, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, कटनी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर दतिया, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले में बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 18 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है।
इससे पहले शनिवार-रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ तेज आंधी चली। बारिश और आंधी की वजह से गेहूं की फसल को काफी नुकसान की खबर है। प्रदेश में 9 मार्च तक मौसम ऐसा ही बने रहने की आशंका है।
प्रदेश के कई जिलों में बूंदा-बांदी से रात के तापमान में गिरावट दर्ज़ की गई है। खजुराहो, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, उमरिया, खंडवा, पचमढ़ी, खरगोन, धार में 16 डिग्री के नीचे तापमान आ गया है। खंडवा में रात का तापमान सबसे कम 13 डिग्री दर्ज किया गया है।