छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को युवाओं ने विरोध करने का अजब-गजब तरीका अपनाया है। यहां पर SC-ST युवाओं ने पूरी तरह नग्न होकर प्रदर्शन किया। युवाओं ने विरोध प्रदर्शन कर फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सरकार से कार्रवाई की मांग की है।प्रदर्शनकारी नग्न होकर विधानसभा को घेरने निकले थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
युवा जब सड़क पर नग्न होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे ठीक उसी समय विधानसभा सत्र में शामिल होने जा रहे मंत्री रुद्रगुरु अनिला भेड़िया का काफिला वहां से गुज़र रहा था। अब इस प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में उफान आता दिखाई दे रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस सरकार की विफलता बताया है।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में इन दिनों फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी पाने का मामला गरमाया हुआ है। राज्य के गठन के बाद कई सरकारी विभागों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि गैर-आरक्षित वर्ग के कई लोगों ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी नौकरियां हासिल की हैं।
मामला तूल पकड़ता देख सरकार ने उच्च स्तरीय जाति जांच समिति का गठन किया, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है।
सरकार के इस आदेश के बाद कई लोग कोर्ट पहुंचे। इस बीच उनमें से कई रिटायर भी हो चुके हैं। कुल मिलाकर इस सरकारी आदेश का आज तक पालन नहीं हो सका है। ऐसे में कई ऐसे अधिकारी और कर्मचारी हैं जो अभी भी कार्यरत हैं।