भोपाल: प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित 324 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों यानि सीएचसी की पैथोलॉजी लैब्स सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेंगी। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों में ये लैब्स चौबीसों घण्टे खुली रखना होगी। इस संबंध में राज्य शासन ने आदेश जारी कर दिये हैं।

उल्लेखनीय है कि हब का अर्थ सीएचसी एवं स्पोक का अर्थ प्राथमिक स्वास्थ्य केंंद्र हैं। इस मॉडल के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीज का ब्लड सेम्पल लेकर सीएचसी की लैब में पीपीपी पध्दति से नियुक्त बॉय द्वारा भेजा जाता है।

अभी हो यह रहा था कि उक्त पैथोलॉजी लैब्स सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक ही खुल रही थीं। इससे जांच रिपोर्ट मिलने में विलम्ब हो रहा था। नवीन व्यवस्था से अब जांच रिपोर्ट उसी दिन ऑनलाईन मिल जायेगी तथा अगले दिन हार्ड कॉपी ली जा सकेगी।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि हब स्पोक मॉडल में पैथोलॉजी लैब्स खुलने एवं बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। इससे 90 प्रतिशत जांच रिपोर्ट ऑनलाईन उसी दिन मिल जायेंगी। पहले की व्यवस्था में 60 प्रतिशत जांच रिपोर्ट ही मिल पा रही थीं।