छतरपुर. मध्यप्रदेश में सरकारी कार्यालयों में जमकर भर्राशाही चल रही है. यहां तक कि ऑफिस में बेठकर खुलकर शराबखोरी भी की जा रही है. ऐसा ही एक मामला छतरपुर से सामने आया है. यहां के जिला मुख्यालय के जनपद कार्यालय में बाबू सरेआम शराब पीते कैमरे में कैद हो गया था. इसका वीडियो भी वायरल हो गया जिससे प्रशासनिक हल्कों में उथलपुथल मच गई. अब कलेक्टर ने संबंधित बाबू पर कार्रवाई की है. बाबू के साथ ही कार्यालय के चौकीदार पर भी कार्रवाई की गई है.
कलेक्टर संदीप जीआर ने जनपद पंचायत कार्यालय को मयखाना बनाने के मामले में सख्त तेवर दिखाए हैं. इस मामले पर एक्शन लेते हुए उन्होंने कार्यालय के सहायक ग्रेड 2 हरिशंकर सेन को निलंबित किया. वही जिला पंचायत सीईओ ने कार्यालय के चौकीदार रामबगस रैकवार को निलंबित किया. ये दोनों कार्यालय मे बैठकर रात में शराब पी रहे थे. सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई.