CM ने चखा विभिन्न प्रकार के आमों और लीची का स्वाद, पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक से पूर्व आमों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आमों की विविध प्रजातियों की जानकारी ली..!!

भोपाल: मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्वतीय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक से पहले एक विशेष फल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें आमों की विभिन्न प्रजातियाँ प्रदर्शित की गईं। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आमों की विविध प्रजातियों की जानकारी ली।

प्रदर्शनी में दशहरी, लंगड़ा, केसर, राजापुरी, तोतापरी, चौसा सहित अनेक किस्मों के देशी एवं संकर आमों को प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री एवं खाद्य मंत्री ने प्रदर्शित आमों के स्वाद की सराहना की और किसानों तथा बागवानी विशेषज्ञों से इनकी पैदावार, गुणवत्ता और विपणन से जुड़ी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश की जलवायु आम की कई प्रजातियों की सफल खेती के लिए अनुकूल है और राज्य सरकार इसके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं विपणन सहायता उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम को 'फलो का राजा' बताते हुए इसके स्वाद, सुगंध और पोषण गुणों की प्रशंसा की।

प्रदर्शनी में पचमढ़ी की विशेष पहचान बन चुकी लीची की भी भव्य प्रस्तुति की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में उपजने वाली यह लीची स्वाद में अत्यंत मधुर और पौष्टिक होती है। मुख्यमंत्री डॉ यादव व मंत्री द्वय श्री राजपूत एवं श्री पवार ने लीची का स्वाद चखते हुए स्थानीय बागवानों से संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान आम और लीची की जैविक खेती, प्राकृतिक परागण, भंडारण एवं मूल्यवर्धन तकनीकों पर भी चर्चा हुई। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कृषक, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी एवं पर्यटक भी उपस्थित रहे।  इस आयोजन को कैबिनेट बैठक से पूर्व एक सकारात्मक और अभिनव पहल माना जा रहा है, जो न केवल कृषि एवं बागवानी को प्रोत्साहित करता है, बल्कि स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इसके पूर्व हेलीपैड पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बड़े ही आत्मीयता के साथ स्वागत किया था।