मध्यप्रदेश की मोहन सरकार अयोध्या की तर्ज़ पर चित्रकूट का भी विकास करेगी। यह निर्णय डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की चौथी बैठक में लिया गया। साथ ही राम वन पथ गमन के साथ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर बताया कि मंत्रीगण के साथ राम वन पथ गमन और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। यह मेरे लिए आनंद की बात है कि कल, 16 जनवरी को ही हमने चित्रकूट में श्री रामचंद्र पथ गमन न्यास की पहली बैठक कर राम वन पथ गमन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की थी। राम वन पथ गमन के विकास की कार्य योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है।
CM यादव ने बताया कि प्रथम चरण में पथ के अयोध्या से चित्रकूट तक के विकास के लिए मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार के समन्वय से अपने-अपने क्षेत्र में गतिविधियां संचालित की जाएगी। पांच विशेषज्ञों की समिति बनाकर कार्य आरंभ किया जाएगा, जो क्षेत्र चिह्नित हैं, वहां पहले कार्य आरंभ होगा व चित्रकूट का विकास अयोध्या की भांति किया जाएगा। अमरकंटक का विकास और मंदाकिनी नदी का संरक्षण भी समन्वित रूप से हम करेंगे।