मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को अपने जन्मदिन की शुरुआत गौमाता को दुलारते हुए की। सीएम हाउस में उन्होंने गौमाता को चारा खिलाया और दुलारा। वहीं सुबह से उन्हें जन्मदिन पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को बर्थ डे विश किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बधाई संदेश में लिखा- मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कई अहम पहल कर रहे हैं, उनके नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दीघार्यु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएंं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में प्रदेश विकास और जन कल्याण के नए आयाम छू रहा है। गृहमंत्री शाह ने बाबा महाकाल से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीघार्यु की कामना की।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं हैं। नितिन नबीन ने ईश्वर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उत्तम स्वास्थ्य और उन्हें दीघार्यु प्रदान करने की कामना की है। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने भी सुबह सीएम हाउस जाकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अपने जन्मदिन के अवसर पर 25 मार्च को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे बामनेर नदी में कछुओं को छोड़ेंगे और चीतों के पुनर्वास के लिए सॉफ्ट रिलीज बोमा का भूमि-पूजन करेंगे। यह टाइगर रिजर्व मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा रिजर्व है, जहां टाइगर, भेड़िए और कई दुर्लभ वन्य जीव पाए जाते हैं। यहां पर्यटन और रोजगार की भी अच्छी संभावनाएं हैं।
पुराण डेस्क