मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित पेसा जागरूकता सम्मेलन में शामिल हुए। समेलन में CM शिवराज जनजातीय कलाकारों के साथ जनजातीय नृत्य पर थिरकते दिखाई दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर किसी भी हालत में धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलने दिया जाएगा। 

इससे पहले CM शिवराज खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित पेसा जागरूकता सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व कन्यापूजन के साथ किया। उन्होंने यहाँ पेसा एक्ट को समझाते हुए कहा कि यह जनजातीय भाई-बहनों के हित में है। यह जनजातीय भाई को सशक्त बनाने वाला एक्ट है।

साथ ही उन्होंने कहा कि तालाबों का समस्त प्रबंध अब ग्रामसभाएं करेंगी, सरकार नहीं करेगी। तालाबों में होने वाले सिंघाड़ों या मछलियों पर भी अधिकार ग्राम सभाओं का ही होगा। सरकार केवल मदद करेगी। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब यदि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर निर्णय और कार्यवाही का पूरा अधिकार ग्रामसभा को होगा। साथ ही यदि शराब की कोई दुकान, स्कूल, अस्पताल या धर्मशाला के पास है, तो ग्राम सभा को यह अधिकार होगा कि उसको हटाने की अनुशंसा वह सरकार को भेज दे।

CM शिवराज ने खंडवा जिले में अमर क्रांतिकारी जनजातीय नायक टंट्या मामा के पैतृक गांव बड़ौदा अहीर पहुँचकर स्वतंत्रता हेतु क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के योगदान को याद किया और उनकी समाधि पर माल्यार्पण कर नमन भी किया।